रायपुर। कर्मचारी संगठनों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर “एक मांग, एक मंच” के बैनर तले संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन आज 1 सितम्बर को दोपहर 12:30 बजे प्रेस क्लब, रायपुर में किया गया। प्रेस वार्ता में कर्मचारी संगठनों द्वारा अपनी 5 सूत्रीय मांगों की पूर्ति एवं शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए आगामी 11 सितम्बर को इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में सांकेतिक प्रदर्शन किए जाने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रान्ताध्यक्ष श्री अनिल कुमार पाण्डेय ने स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से चली आ रही अनियमित संविदा, ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनियमित संविदा, ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त किया जाए तथा HLL के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में की जा रही व्यवस्था को तत्काल बंद किया जाए।
प्रेस वार्ता में “समान काम, समान वेतन” लागू करने तथा लंबे समय से कार्यरत अनियमित कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कर्मचारी संगठनों ने कहा कि वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को उनके कार्य के अनुरूप उचित वेतन एवं सेवा सुरक्षा का अधिकार मिलना चाहिए।

प्रान्ताध्यक्ष श्री अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर गंभीर है। कर्मचारियों के अधिकार एवं न्यायसंगत मांगों के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों से एकजुट होकर “एक मांग, एक मंच” के तहत आगामी कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।
कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया कि 11 सितम्बर का सांकेतिक प्रदर्शन शासन का ध्यान कर्मचारियों की लंबित मांगों की ओर आकर्षित करने तथा उनके शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से किया जाएगा।
उक्त प्रेस वार्ता में करण सिंह अटरिया, जितेंद्र ठाकुर,गोपाल साहू,अनिल शुक्ला, विद्याभूषण दुबे , ओ पी शर्मा,अनिल पाण्डेय,एवं अन्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे