रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने राज्य कुष्ठ नियंत्रण इकाई रायपुर के सहायक ग्रेड-02 श्री चेतन सिन्हा को एक बार फिर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। चेतन सिन्हा तथाकथित गैर-मान्यता प्राप्त संगठन के महामंत्री भी हैं। इस बार के निलंबन के साथ उनके पुराने रिकॉर्ड भी चर्चा में आ गए हैं।

संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर संभाग द्वारा 11 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, श्री सिन्हा पर राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने, व्हाट्सएप ग्रुप में स्वास्थ्य विभाग प्रमुख के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियां प्रसारित करने तथा 14 अक्टूबर 2026 को बिना अनुमति प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोशल मीडिया पर उच्च अधिकारियों के खिलाफ आरोप लगाकर विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप है। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय 50 बिस्तर अस्पताल धरसीवा, जिला रायपुर निर्धारित किया गया है।
विभाग के सूत्रों और पूर्व के आरोपों के अनुसार, चेतन सिन्हा पहले भी कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित हो चुके हैं। उन पर यह भी आरोप रहा है कि उन्होंने विभाग में सैकड़ों आरटीआई लगाकर जानकारी हासिल की और फिर कर्मचारियों व अधिकारियों को डराने-धमकाने तथा वसूली करने का भी समाचार प्रकाशित हुआ था। मीडिया के माध्यम से भी विभाग की छवि को बार-बार धूमिल करने के आरोप उन पर लगे हैं।

स्वास्थ्य प्रशासन के इस ताजा फैसले को कर्मचारियों के बीच सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। तथाकथित शासन से ग़ैर मान्यता प्राप्त संगठन द्वारा बार बार नियमों का उल्लंघन, राजनीतिक गतिविधियों में लिप्त रहना और विभाग के खिलाफ सार्वजनिक रूप से नकारात्मक अभियान चलाने को गंभीरता से लिया जा रहा है।