रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ (जिला शाखा रायपुर) के तत्वावधान में कल, 1 नवम्बर को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह जीवन रक्षक पहल ‘हमर छत्तीसगढ़ हमर गर्व’ और ‘स्वस्थ कर्मचारी, सशक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ आयोजित की जा रही है।
रायपुर जिला शाखा के जिलाध्यक्ष सालिक नौरंगे द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक पुदिन्दर मिश्रा (रायपुर) होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथलेश चौधरी और अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री ओ. पी. शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
रक्तदाताओं का होगा विशेष सम्मान:
संघ द्वारा इस पुनीत कार्य में हिस्सा लेने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी नागरिकों और कर्मचारियों को उपस्थित अतिथियों के कर-कमलों द्वारा आधिकारिक सम्मान पत्र (प्रमाण पत्र) प्रदाय किया जाएगा।
यह शिविर अर्जुन नगर, रायपुर स्थित छ ग प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय कार्यालय में आयोजित होगा, जहाँ रक्तदान की प्रक्रिया सुबह 10:00 बजे से शुरू होकर शाम 4:00 बजे तक चलेगी। शिविर में एकत्रित रक्त को जरूरतमंद मरीजों और आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।
महामंत्री एस पी देवांगन एवं जिलाध्यक्ष सालिक नौरंगे ने की महादान की अपील:
जिलाध्यक्ष सालिक नौरंगे ने सभी संघ पदाधिकारियों, अधिकारी-कर्मचारियों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने संदेश दिया कि “एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है, इसलिए आइए, रक्तदान करें और जीवन बचाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *