रायपुर, 28 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के संरक्षक सलाहकार श्री ओ.पी. शर्मा एवं महामंत्री श्री एस.पी. देवांगन के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने आज आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा श्री रितेश अग्रवाल एवं संचालक, डॉ पैंकरा चिकित्सा शिक्षा से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों एवं संबद्ध अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारियों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य रूप से निम्नलिखित महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चिंता व्यक्त की:
समयमान सूची में लेवल-9 के स्थान पर गलत तरीके से लेवल-8 जारी कर दिया गया है, जिससे कर्मचारियों को सालों बाद मिलने वाले समयमान में भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। संघ ने इस स्पष्ट विसंगति को तत्काल सुधारने की मांग की है।
कई मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में कार्यरत नर्सिंग अधीक्षक, उप नर्सिंग अधीक्षक एवं सहायक नर्सिंग अधीक्षक (जो 7-8 वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं) का नाम समयमान सूची में शामिल नहीं किया गया है।
दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में कार्यरत डेंटल हाईजीनिस्ट के पदनाम को समयमान परिशिष्ट में शामिल करने हेतु शासन को तत्काल प्रस्ताव भेजने की मांग।
डेंटल अस्पताल में कार्यरत स्टॉफ नर्स का समयमान शीघ्र जारी करने की मांग।
दंत चिकित्सा महाविद्यालय में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नवीनीकरण करने का अधिकार प्राचार्य को देने का आग्रह।
संघ ने स्पष्ट कहा कि लंबे समय से लंबित इन समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर कर्मचारी वर्ग में गहरा असंतोष फैल रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने सभी बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक ढंग से विचार करने और शीघ्र समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रायपुर सालिक नौरंगे, प्रांतीय पदाधिकारी अजय पाण्डेय, जिला कोषाध्यक्ष अरविन्द चंद्रकार, विभागीय अध्यक्ष संचानालाय नरेंद्र पटेल, संदीप शाखारकर, उप नर्सिंग अधीक्षक सरला सिंह, प्रेमसिला दास, विधवती कुमार, अम्बिका शर्मा, नंदा रंगारी, आदि उपस्थित थे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *