रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने राज्य शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व चिकित्सा शिक्षा विभाग से सहायक नर्सिंग अधीक्षक एवं उप नर्सिंग अधीक्षक को तृतीय समयमान वेतनमान का लाभ तुरंत प्रदान करने की मांग की है।
संघ के प्रांताध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय द्वारा सचिव महोदय को ज्ञापन सौंपा गया पत्र में कहा गया है कि राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों एवं संबद्ध चिकित्सालयों में कार्यरत सहायक नर्सिंग अधीक्षक तथा उप नर्सिंग अधीक्षक को पिछले 8-9 वर्षों से तृतीय समयमान का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लगभग 25 अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं और अब भी उच्च कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, जिससे पूरे संवर्ग में भारी निराशा व्याप्त है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग सिस्टर्स के द्वितीय एवं तृतीय समयमान के प्रकरण चार वर्षों से लंबित थे। संघ की मांग पर संचालक स्वास्थ्य द्वारा 4 फरवरी 2026 को जारी आदेश के मात्र दो माह के अंदर ही सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण कर दिया गया।
संघ ने चिकित्सा शिक्षा विभाग से भी इसी तरह के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है, क्योंकि यहां स्टाफ नर्सों का नियोक्ता अधिकारी अधिष्ठाता एवं संयुक्त संचालक तथा अधीक्षक ही होते हैं और पदोन्नत नर्सिंग सिस्टर, सहायक नर्सिंग अधीक्षक तथा उप नर्सिंग अधीक्षक की समस्त जानकारी इन्हीं कार्यालयों में संधारित रहती है।

संघ के महामंत्री एस.पी. देवांगन, संभागीय अध्यक्ष श्यामाकांत तिवारी (अंबिकापुर), जिला अध्यक्ष सालिक नौरंगे, प्रांतीय सचिव अरविंद चंद्राकार तथा प्रांतीय संयोजक (एम.एल.टी. प्रकोष्ठ) कमल चंद्राकर प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे
संघ ने कहा है कि संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं की तर्ज पर चिकित्सा शिक्षा विभाग में भी त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो सके।