​स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव से संघ के प्रतिनिधिमंडल ने की विस्तृत चर्चा।

​मुंगेली जिले के आदेश में ‘शासकीय MLT की आवश्यकता नहीं’ लिखे जाने पर आक्रोश।

​कर्मचारी संघ के आग्रह पर माननीय मंत्री जी एवं सचिव महोदय ने उचित दिशा-निर्देश जारी करने पर जताई सहमति।

​रायपुर:- छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात कर HLL (हिंदुस्तान लेटेक्स लिमिटेड) के संबंध में विस्तृत और गंभीर चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान संघ ने मुंगेली जिले में HLL द्वारा जारी किए गए उस विवादित आदेश पर कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि “अब शासकीय MLT (मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट) की आवश्यकता नहीं है।”


​वार्ता के दौरान अधिकारियों द्वारा कहा गया कि HLL शत-प्रतिशत (100%) कर्मचारी और संसाधन अपने स्वयं के रखेगा, और जो शासकीय MLT इस व्यवस्था से प्रभावित होंगे, उन्हें अन्यत्र प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाएगा। इस वक्तव्य से प्रदेश के सभी शासकीय मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के भविष्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है और भविष्य में होने वाली सरकारी भर्तियों के रास्ते बंद होने की आशंका है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत MLT के भविष्य को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी।
​नियमित और संविदा कर्मचारियों के लिए दिशा-निर्देश जारी करने पर बनी सहमति
​चर्चा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत सभी नियमित एवं संविदा मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के हितों की रक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संघ ने शासन के अधीन काम कर रहे इन कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य के लिए उचित और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का पुरजोर आग्रह किया।

​कर्मचारियों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी एवं सचिव महोदय ने संघ की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया और नियमित व संविदा लेब टेक्नीशियनों के लिए उचित दिशा-निर्देश (Guidelines) जारी करने पर अपनी सहमति जताई है।

​चर्चा में ये पदाधिकारी रहे शामिल
​स्वास्थ्य मंत्री और सचिव से हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के निम्नलिखित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे:
​श्री अनिल पाण्डेय (प्रांताध्यक्ष)
​श्री एस. पी. देवांगन (महामंत्री)। श्री दुर्गेश त्रिपाठी संभागीय अध्यक्ष अंबिकापुर। श्री संतोष देवांगन संभागीय अध्यक्ष रायपुर
​श्री एस. एस. सोनी (जिला संरक्षक)
​श्री एस. आर. नौरंगे (जिला अध्यक्ष, रायपुर)
​श्री अमृत निषाद (प्रांतीय संयोजक, MLT)
​श्री कमल चंद्राकर (प्रांतीय सदस्य)
​श्री अरविंद चंद्राकर (प्रांतीय सदस्य)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed