छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन द्वारा 8 फरवरी को रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के प्रेक्षा गृह में आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी एवं अभिनन्दन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, अहिवारा विधान सभा के विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाडा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा एवं रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ शैलेंद्र पटेल विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।

स्कूल शिक्षा विभाग में दस वर्षों से लंबित 2800 प्राचार्यों की पदोन्नति करने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के अभिनंदन हेतु आयोजित समारोह में प्रिंसिपल एसोसिएशन के संयोजक अनिल शुक्ला,प्रांताध्यक्ष रमाकांत झा,महासचिव श्याम कुमार वर्मा,वरिष्ठ उपप्रांताध्यक्ष शिरीष तिवारी, मलखम वर्मा,रुद्र कुमार वर्मा व्याख्याता संघ के प्रांताध्यक्ष राकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव सहित विशिष्ट अतिथियों का स्वागत ग़ज़माला पहनकर किया।मुख्य आतिथ्य उद्बोधन में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि शासकीय विद्यालय बच्चों के संस्कार एवं सामाजिक सद्भाव के केंद्र है क्योंकि शासकीय विद्यालय में गरीब ,अमीर तथा समाज के सभी समुदाय के बच्चे एक साथ अध्ययन करते हैं।पहले जब शासकीय विद्यालय में संसाधन का अभाव था तो छात्रों की दर्ज संख्या बहुत ज्यादा थी किंतु आज जब शासकीय विद्यालय में पर्याप्त संसाधन है तब शासकीय विद्यालयों में निरंतर कम हो रही दर्ज संख्या हमारे शिक्षकों एवं प्राचार्यों के लिए एक चिंतन का विषय है।मेरे कार्यकाल में पदोन्नति का कार्य प्राथमिकता में है जो कि निरंतर जारी रहेगा तथा शिक्षकों की उचित मांगों पर सार्थक निर्णय समय पर लिए जाएंगे।विशिष्ट अतिथि श्री कोर्सेवाडा ने कहा कि समय के साथ शिक्षकों के सम्मान में परिवर्तन हुआ है पहले समाज का उच्च प्रतिष्ठित व्यक्ति, शिक्षकों को सम्मान देता देता था किंतु आज एक छोटा सा जनप्रतिनिधि एवं नेता भी पहले शिक्षक से सम्मान पाने की सोच रखता है शिक्षकों को समय के प्रति पाबंद होकर अपना कार्य निष्ठा के साथ करना चाहिए।रायपुर उत्तर विधायक विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भारत शासन के गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास में मुख्य मंत्री के साथ मंत्रणा एवं कार्ययोजना के चलते सम्मेलन में मुख्य मंत्री के नहीं पहुंच पाने के कारण प्रदेश के प्राचार्य साथियों के साथ प्रदेश के समस्त शिक्षकों द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन कार्यक्रम मेरे विधान सभा क्षेत्र में प्रिंसिपल एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जाएगा सम्मेलन की संपूर्ण व्यवस्था मै स्वयं करूंगा।विश्विद्यालय के कुल सचिव श्री पटेल ने कहा कि प्राचार्य पदोन्नति के बाद भी प्राचार्य अध्यापन कार्य से जुड़े रहे तथा नियमित रूप से दो कालखंड अध्यापन कार्य करते रहें।

प्रिंसिपल एसोसिएशन के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी पदोन्नत प्राचार्यों को बधाई देते हुए पदोन्नति प्रक्रिया में संचालनालय से न्यायालय तक संघर्ष में साथ देने वाले साथियों एवं प्रदेश के मुख्य मंत्री तथा स्कूल शिक्षा मंत्री के छः माह के कार्यकाल में 2800 प्राचार्य , व्याख्याता एवं संभाग तथा जिला स्तर पर शिक्षकों एवं प्रधानपाठकों सहित दस हजार की पदोन्नति करने एवं पारदर्शिता के साथ पदांकन करने के लिए आभार व्यक्त किया।प्रदेश के प्राचार्यों को एक मंच पर लाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन को फर्म्स एवं सोसाइटी से पंजीकृत कराया गया है। प्रदेश भर से उपस्थित प्राचार्यों ने सर्वसहमति से अनिल शुक्ला को प्रांतीय संयोजक चुना है।अतिथियों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर कर सम्मानित किया गया।प्रिंसिपल एसोसिएशन का नौ सूत्रीय मांग पत्र का पठन राकेश शर्मा द्वारा किया गया।
शैक्षिक संगोष्ठी में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ प्रियंवदा श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने छात्रों पर मानसिक दवाब एवं अवसाद विषय पर आधारित व्याख्यान एवं टेलीफिल्म का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर हिमांशु भारतीय विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि ओ पी शर्मा, करण सिंह अटेरिया,विद्या भूषण दुबे ,गोपाल साहू, जितेंद्र सिंह ठाकुर,सुनील यादव,सूरज प्रसाद देवांगन सहित कोरिया से लेकर बस्तर तक सुदूर जिलों से बहुत बड़ी तादात में महिला एवं पुरुष प्राचार्य उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य शिरीष तिवारी एवं आभार प्रदर्शन श्याम कुमार वर्मा ने किया।