कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने गत शनिवार को जिले के मानपुर में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं कौड़ीकसा में संचालित आदिवासी कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर यहां आवश्यक व्यवस्था एवं कमियों की जानकारी लिया। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपस्थित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि आवश्यक दवाइयों का भंडारण उचित रखरखाव के साथ करें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की आवश्यक जांच और परीक्षण कर उन्हें समुचित दवाइयों का वितरण करें। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्यगत उपचार के साथ ही जरूरी सलाह भी देवें। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों के साथ सहानुभूति पूर्वक सौहाद्र वातावरण में उपचार करें। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन निर्धारित समय से अस्पताल का संचालन हो, इस पर विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सक ईमानदारी पूर्वक ड्यूटी करें। कलेक्टर ने कहा कि आम जनता का विश्वास कायम हो ऐसी सेवा भावना के साथ अपनी ड्यूटी सुनिश्चित करें।